बीकानेर में घर के गैरेज में खड़ी थी कार, यूपी के टोल प्लाजा पर कट गया फास्टैग; दो मिनट में दो बार हुई कटौती

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर।फास्टैग सिस्टम (Fastag System) की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर सवाल उठाने वाला एक चौंकाने वाला मामला बीकानेर से सामने आया है। यहां अंबेडकर कॉलोनी निवासी एक परिवार की कार घर के गैरेज में खड़ी रही, लेकिन हजारों किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के एक टोल प्लाजा पर उनके खाते से टोल टैक्स कट गया।

क्या है पूरा मामला?
अंबेडकर कॉलोनी निवासी हासम अली ने बताया कि उनकी कार घर के गैरेज में सुरक्षित खड़ी थी। उसी रात उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उत्तर प्रदेश के उमापुर टोल प्लाजा पर उनकी कार का फास्टैग स्कैन हुआ है और खाते से 80 रुपये का टोल शुल्क काट लिया गया है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह थी कि यह कटौती रात के 2 बजे, केवल दो मिनट के अंतराल में दो बार की गई।
सुबह मैसेज देख उड़े होश
यह वाहन हासम अली की बहन यासमीन के नाम पर रजिस्टर्ड है और फास्टैग भी उन्हीं के मोबाइल नंबर से जुड़ा है। रात में जब मैसेज आया तो परिवार सो रहा था। सुबह उठकर जब उन्होंने मोबाइल चेक किया, तो वे दंग रह गए क्योंकि कार पूरी रात घर पर ही थी और कहीं बाहर नहीं गई थी।
साइबर थाने में शिकायत दर्ज
घटना को गंभीरता से लेते हुए हासम अली ने इसे बड़ी तकनीकी गड़बड़ी या फास्टैग के गलत इस्तेमाल (क्लोनिंग आदि) की आशंका जताई है। उन्होंने तुरंत साइबर थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।





































