|

​Breaking:-कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन: फरार ‘सोना पप्पू’ के ठिकानों पर छापेमारी,करोड़ों की उगाही का है आरोप!

kolkata news:-कोलकाता:दक्षिण कोलकाता के बालीगंज इलाके में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात विश्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ के कई ठिकानों पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, ईडी की अलग-अलग टीमों ने बालीगंज के फर्न रोड स्थित सोना पप्पू के आवास और उसकी संस्था ‘सन इंटरप्राइज’ (Sun Enterprise) के कार्यालय सहित दक्षिण कोलकाता के कई अन्य स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया है।

प्रमोटरों से उगाही और प्रभावशाली लोगों से सांठगांठ

विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू का नाम कोलकाता के रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन जगत में विवादों से घिरा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पप्पू पर पहले से ही कई आपराधिक मामले (FIR) दर्ज हैं। ईडी की यह कार्रवाई मुख्य रूप से मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वसूली के मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी को अंदेशा है कि सोना पप्पू ने इलाके के कई बिल्डरों और प्रमोटरों को डरा-धमका कर करोड़ों रुपयों की उगाही की है। सबसे अहम बात यह है कि इस अवैध वसूली की मोटी रकम को शहर के कई ‘प्रभावशाली’ लोगों और सफेदपोशों तक पहुंचाने का आरोप भी उस पर लगा है।

गोलपार्क हिंसा के बाद से चल रहा है फरार

गौरतलब है कि सोना पप्पू पुलिस की वांटेड लिस्ट में भी शामिल है। हाल ही में गोलपार्क (कांकुलिया) इलाके में हुई भारी हिंसा के बाद से ही वह पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। कोलकाता पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है, लेकिन वह अब तक उनकी गिरफ्त से बाहर है।

​ईडी की इस छापेमारी को उसके काले धन के साम्राज्य और उसे संरक्षण देने वाले प्रभावशाली लोगों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। जांच एजेंसी ‘सन इंटरप्राइज’ के वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों को खंगाल रही है, जिससे भविष्य में कई बड़े चेहरों के बेनकाब होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button