|

बेसिक पी.जी. कॉलेज में “डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं ई-गवर्नेंस ” पर कार्यशाला का सफल संचालन, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

THE BIKANER NEWSबीकानेर:^युवाओं को डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बेसिक पी.जी. कॉलेज, नया शहर, बीकानेर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय “डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं ई-सेवा” निःशुल्क कार्यशाला का सफलतापूर्वक संचालन जारी है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है तथा प्रतिभागी आधुनिक डिजिटल तकनीकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री योगेश कुमार पुरोहित ने बताया कि प्रतिभागियों को कम्प्यूटर हार्डवेयर की मूलभूत जानकारी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म एवं ऑनलाइन व्यवसाय के अवसर, ई-गवर्नेंस सेवाएं, डिजिटल सार्वजनिक प्लेटफॉर्म, उभरती हुई डिजिटल तकनीकों तथा नवाचारों के विषय में विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्रतिभागियों को विभिन्न डिजिटल सेवाओं का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है, जिससे वे वास्तविक जीवन में इन तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर सकें।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल ज्ञान एवं तकनीकी दक्षता रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक हो चुकी है। इसी सोच के साथ आयोजित यह कार्यशाला विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों के लिए तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। प्रशिक्षण सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा डिजिटल इंडिया, ऑनलाइन सेवाओं की उपयोगिता, साइबर जागरूकता तथा डिजिटल उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला जा रहा है।
कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें यहां तकनीकी जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो रहा है, जो उनके करियर एवं व्यक्तिगत विकास में सहायक सिद्ध होगा। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समय की मांग के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशलों से भी सशक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यशाला युवाओं में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यशाला के आगामी सत्रों में प्रतिभागियों को नवीन डिजिटल टूल्स, ऑनलाइन बिजनेस मॉडल, डिजिटल सेवाओं के संचालन एवं तकनीकी नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और सभी प्रतिभागी पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
बेसिक पी.जी. कॉलेज की यह पहल क्षेत्र के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रभावी कदम साबित हो रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button