|

Breaking:-बीकानेर में SOG की बड़ी कार्रवाई,भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाला 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, स्पेन से मंगवाए थे हाईटेक स्पाई कैमरे

THE BIKANER NEWS:- ​बीकानेर।
राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी ने ‘राजस्व अधिकारी ग्रेड-द्वितीय एवं अधिशासी अधिकारी वर्ग-चतुर्थ’ (RO/EO) भर्ती परीक्षा-2022 में नकल कराने के मामले में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी को बीकानेर से गिरफ्तार किया है।
​खारी कालू का रहने वाला है आरोपी
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मितेश कुमार पुत्र हरिराम जाट बीकानेर जिले के खारी कालू का निवासी है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसओजी की टीम ने 8 जनवरी को उसे दबोच लिया।
​स्पेन से 90 हजार में मंगवाया था ‘स्पाई कैमरा’
जांच में सामने आया है कि इस नकल गिरोह ने हाईटेक तरीके से चोरी को अंजाम दिया था।
​गिरोह ने स्पेन से करीब 90 हजार रुपये की कीमत वाला ‘इनोवा केम ड्रॉप बॉक्स’ नामक स्पाई कैमरा मंगवाया था।
​परीक्षा केंद्र में प्रश्न पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थी इस कैमरे से प्रश्नों के स्क्रीनशॉट लेकर बाहर बैठे गिरोह के सदस्यों को भेजते थे।
​बाहर बैठी टीम प्रश्नों को हल करती थी और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यर्थियों को उत्तर लिखवाए जाते थे।
​कालेर गैंग से जुड़े हैं तार
आरोपी मितेश कुमार कुख्यात तुलछाराम कालेर और पौरव कालेर गैंग के संपर्क में था। इस संगठित नकल गिरोह का सरगना पौरव कालेर था। जांच में पता चला है कि नकल की यह पूरी साजिश सालासर क्षेत्र से संचालित की गई थी।
​अब तक 31 गिरफ्तार
इस भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े में एसओजी की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक कुल 31 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे और भी कई राज खुलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button