Earthquak:- देर रात भूकंप के झटकों से हिली धरती: खाटूश्यामजी और जीणमाता क्षेत्र में दहशत, घरों से बाहर निकले लोग

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/राजस्थान के सीकर जिले में बीती देर रात अचानक धरती डोलने से लोगों में हड़कंप मच गया। जिले के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
रात 12:04 बजे महसूस हुए झटके

जानकारी के अनुसार, भूकंप के यह झटके रात करीब 12 बजकर 4 मिनट पर महसूस किए गए। सीकर शहर के अलावा पलसाना, जीणमाता और खाटूश्यामजी इलाके में भी कंपन महसूस किया गया।
5 से 7 सेकंड तक रही कंपन
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के झटके करीब 5 से 7 सेकंड तक महसूस किए गए। रात का समय होने के कारण अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, लेकिन कंपन और घरों में रखे सामान, पंखे व दरवाजों के हिलने की आवाज से उनकी नींद खुल गई।
जान-माल का नुकसान नहीं
राहत की बात यह है कि भूकंप की तीव्रता कम थी और झटके हल्के थे। प्रशासन के अनुसार, अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, अचानक आए इन झटकों से लोगों में दहशत का माहौल जरूर बन गया था।





































