बीकानेर के पीबीएम डॉक्टर के नाम पर जयपुर के निजी अस्पताल का फर्जीवाड़ा, इंश्योरेंस क्लेम का भंडाफोड़

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक के नाम का कथित दुरुपयोग कर जयपुर के एक निजी अस्पताल द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर इंश्योरेंस क्लेम भेजने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जयपुर के विराट नगर स्थित अंजना अस्पताल पर आरोप है कि उसने पीबीएम अस्पताल के सर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल दावां के नाम से कथित रूप से फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर सर्जरी के बिल बनाकर इंश्योरेंस क्लेम प्रस्तुत किए गए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब संबंधित इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों ने क्लेम के सत्यापन के लिए डॉ. दावां से संपर्क किया। अधिकारियों ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने जयपुर के उक्त निजी अस्पताल में संबंधित मरीज की सर्जरी की है। इस पर डॉ. दावां ने स्पष्ट रूप से इनकार करते हुए बताया कि वे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में कार्यरत हैं और उन्होंने जयपुर के उस अस्पताल में किसी भी मरीज का ऑपरेशन नहीं किया।
डॉ. दावां ने आशंका जताई है कि उनके नाम का उपयोग कर अन्य इंश्योरेंस कंपनियों के पास भी इसी प्रकार के फर्जी क्लेम भेजे गए हो सकते हैं। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. दावां की शिकायत पर बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने अंजना अस्पताल के प्रभारी एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई पांचाराम के अनुसार, पुलिस अस्पताल में तैयार किए गए दस्तावेजों, सर्जरी रिकॉर्ड और इंश्योरेंस कंपनियों को भेजे गए क्लेम की विस्तृत जांच करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि अब तक डॉ. दावां के नाम से कितने क्लेम भेजे गए और इस कथित फर्जीवाड़े में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और संभावित जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।





































