Breaking:-देर रात महिला के घर घुसे युवक की पीट-पीटकर हत्या, अवैध संबंधों के शक में वारदात,पीबीएम में इलाज के दौरान मौत


THE BIKANER NEWS:बीकानेर में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया है और 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मामला जिले के नोखा क्षेत्र अंतर्गत जसरासर थाना इलाके का है,मिली जानकारी के अनुसार, देर रात एक युवक एक महिला के घर में घुस गया था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत पीबीएम (PBM) अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने थाने में 4 लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के कथित तौर पर महिला से अवैध संबंध थे, और संभवतः इसी कारण वह देर रात उसके घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर घर में मौजूद लोगों ने उस पर हमला कर दिया और जमकर पीटा।
अधिकारियों ने क्या कहा?
एडिशनल एसपी बनवारी लाल मीणा के अनुसार मामला जसरासर का है। युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने इसे हत्या के रूप में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गहन जांच सीओ जरनैल सिंह और सीआई आलोक सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और जल्द ही इस मामले में उनकी आधिकारिक गिरफ्तारी की संभावना है।





































