नयाशहर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 25 लोग पकड़े गए, बस में भरकर लाए गए थाने


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पीने और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपना लिया है। एसपी मृदुल कच्छावा के कड़े निर्देशों के बाद बीकानेर पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। इसी क्रम में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खुलेआम शराब पीते हुए करीब 25 लोगों को धर-दबोचा है।

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह धरपकड़ अभियान एएसपी (ADSP) चक्रवर्ती राठौड़ और सीओ सिटी अनुज डाल के विशेष निर्देशन में चलाया गया। नयाशहर थानाधिकारी (प्रशिक्षु आरपीएस) रोहित ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया और सार्वजनिक जगहों पर महफिल सजाकर बैठे शराबियों पर शिकंजा कसा।
पुलिस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और खुले में शराब पीने वाले लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की। मौके से करीब 25 लोगों को पकड़ा गया, जिन्हें पुलिस ने एक बस में बैठाया और नयाशहर थाने लेकर आई।
पुलिस की इस औचक और सख्त कार्रवाई से शहर में खुले में शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आगे भी ऐसा ही सख्त एक्शन जारी रहेगा।





































