Kolkata:-बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए रखी नौकरानी ने की 3.95 लाख की ठगी, एटीएम और UPI से उड़ाई रकम


KOLKATA NEWS:-कोलकाता। महानगर के सर्वे पार्क थाना क्षेत्र में भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए रखी गई नौकरानी पर उनके बैंक खातों से 3.95 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सर्वे पार्क निवासी सौगत सेनगुप्ता ने अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए मंजूरा नाम की महिला को काम पर रखा था। आरोप है कि नौकरानी ने अपने साथी रोबिन माल और अन्य लोगों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपति के विश्वास का फायदा उठाया और सुनियोजित तरीके से बैंक खातों से रकम निकाल ली।

शिकायत के मुताबिक, 23 अगस्त 2025 से 15 नवंबर 2025 के बीच आरोपियों ने बुजुर्गों के एटीएम कार्ड का दुरुपयोग किया और कई बार नकदी निकाली। इसके अलावा यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए भी पैसे ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 3,95,000 रुपये की ठगी की गई।
मामले का खुलासा होने पर सौगत सेनगुप्ता ने सर्वे पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के साथ-साथ ठगी गई रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



































