|

बीकानेर में हृदयविदारक हादसा गर्म दाल के भगोने में गिरा मासूम,पीबीएम में तोड़ा दम

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। खेलते-खेलते संतुलन बिगड़ने से बच्चा उबलती हुई दाल से भरे खुले भगोने में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान पीबीएम अस्पताल में उसकी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के उदारासर गांव में यह हृदयविदारक हादसा हुआ है, जहाँ पर उदारासर निवासी कानाराम मेघवाल का 26 जुलाई को निधन हो गया था। उनके निधन के आठवें दिन, 2 अगस्त को शोकसभा के अवसर पर रिश्तेदारों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान दाल का एक बड़ा भगोना बिना ढक्कन के रखा हुआ था।


बताया जा रहा है कि 5 वर्षीय संकेत (पुत्र बाबूलाल) खेलते समय उल्टा दौड़ रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे उबलती हुई दाल के भगोने में जा गिरा। बच्चे की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर गए।


चिकित्सकों के अनुसार, संकेत करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई।


मृतक संकेत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई (7 वर्ष) और एक छोटी बहन (3 वर्ष) है। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए एएसआई राजकुमार ने बताया कि यह एक दुखद दुर्घटना है। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button