|

Bikaner:-कोंग्रेस नेता की गाड़ी पलटी,बाल-बाल बचा परिवार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर : मंगलवार रात बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खाजूवाला-रावला मार्ग पर 13KLD के पास कांग्रेस के प्रदेश सचिव मकबूल बलोच की स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि हादसे में मकबूल बलोच सहित गाड़ी में सवार उनके परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, हादसे में स्कॉर्पियो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हरियाणा से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता मकबूल बलोच अपने परिवार के साथ हरियाणा गए हुए थे। मंगलवार रात वहां से वापस बीकानेर लौटते समय खाजूवाला-रावला रोड पर यह हादसा हुआ।

सड़क की बदहाली बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक एक बड़ा गड्ढा आ जाने के कारण गाड़ी से नियंत्रण टूट गया और वह पलट गई। देर रात हुए इस हादसे में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की खस्ताहाल सड़कों की पोल खोल दी है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, पहले भी जा चुकी है जान

स्थानीय लोगों के अनुसार, खाजूवाला-रावला मार्ग पर जगह-जगह बड़े और खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसी जर्जर मार्ग पर कुछ दिन पहले ही एक कार हादसे में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इसके बावजूद प्रशासन सड़क की सुध नहीं ले रहा है।

BRO से जल्द सड़क सुधारने की मांग

यह महत्वपूर्ण मार्ग बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के अधीन आता है। क्षेत्र में लगातार हो रहे इन हादसों और सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए अब क्षेत्रवासियों ने BRO से कड़ी नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द गड्ढे भरवाकर सड़क की मरम्मत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button