|

लापता 12वीं के छात्र का शव मिला नहर में,फैली सनसनी

बीकानेर। रविवार सुबह अरजनसर के पास कंवरसेन लिफ्ट नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

मृतक की पहचान राजियासर थाना क्षेत्र के मोकलसर गांव स्थित 92 आरडी चक निवासी रणजीत पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रणजीत पिछले दो दिनों से लापता था। उसकी गुमशुदगी को लेकर 21 अगस्त को राजियासर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।रविवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन महाजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान रणजीत के रूप में की। सूचना मिलने पर महाजन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों ने बताया कि रणजीत श्रीगंगानगर में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह लापता होने से एक दिन पहले ही अपने गांव मोकलसर आया था। इसके बाद वह अचानक घर से गायब हो गया था।फिलहाल युवक नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के कारणों से पर्दा उठने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button