बीकानेर: अवैध कचरा डंपिंग पर महापौर-उपमहापौर सख्त,बड़ी कार्यवाही कर लगाया ₹5000 का जुर्माना वाहन किया जब्त,निगम प्रसाशन की चेतावनी

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर नगर निगम ने शहर में गंदगी फैलाने और अवैध कचरा डंपिंग करने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए पहली बार बड़ी कार्रवाई की है। वेस्ट जोन के वार्ड नंबर 62 स्थित जैन स्कूल के पीछे खुले में कचरा डालते हुए एक लोड बॉडी टैक्सी को निगम की टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया और उस पर ₹5000 का भारी जुर्माना लगाया। बीकानेर महापौर और उपमहापौर ने इस पर सख्त रवैया अपनाते हुए अधिकारियों को निदेश दिए है
स्वच्छता निरीक्षक सुनील जावा के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कचरा डंपिंग की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया और कचरे से भरे बोरे फेंकते हुए वाहन चालक को रंगे हाथों पकड़ा गया। जुर्माने की राशि वसूलने के साथ ही वाहन चालक को पाबंद किया गया है कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी गलती की गई तो कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, मौके पर जेसीबी और डंपर बुलाकर वहां पहले से फैले कचरे और मलबे को भी हटाया गया।
निगम प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने प्रतिष्ठानों या घरों का कचरा खुले में या सड़कों पर न फेंकें। नगर निगम की विशेष टीम अब रात के समय भी निगरानी कर रही है। जो भी व्यक्ति या वाहन चालक रात के अंधेरे में या छुपकर कचरा डालता पकड़ा जाएगा, उस पर न्यूनतम ₹5000 का जुर्माना लगाया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई आयुक्त, महापौर और उप महापौर के सख्त निर्देशों के बाद की गई है।





































