बीकानेर: रास्ता रोककर युवक पर ताबड़तोड़ हमला, पीबीएम में भर्ती


बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया की बताई जा रही है, जहां ट्रैक्टर चालक युवक को रास्ते में रोककर लोहे की रॉड, सरियों और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार घड़सीसर निवासी अल्फाक पुत्र अख्तर अली बुधवार शाम ट्रैक्टर लेकर सुदर्शना नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान इंडस्ट्रियल एरिया गली नंबर 5 में पहले से मौजूद साजिद, इमरान, खालिद, मोनू सहित चार-पांच अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर अल्फाक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से कोटगेट थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि 24 अप्रैल को रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार सोनू भाटी की मौत हुई थी। उसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस हमले की आशंका जताई जा रही है।





































