|

मंत्रियों के दावों की निकली हवा, पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने बिगाड़ा भाजपा का गणित

जयपुर। प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा सरकार के कई मंत्रियों के सियासी प्रभाव और चुनावी दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंत्रियों के गृह क्षेत्रों और प्रभार वाले जिलों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कई जगह करारी शिकस्त दी। खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के लूणकरनसर से लेकर चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के फलौदी और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के सवाईमाधोपुर तक भाजपा को झटके लगे। हालांकि कुछ क्षेत्रों में भाजपा अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रही।

खींवसर के क्षेत्र में भाजपा का सूपड़ा साफ

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के प्रभार वाले फलौदी में जिला परिषद के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज 2 सीटों पर सिमट गई। खींवसर के लोहावट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा एक भी वार्ड नहीं जीत सकी।

जोगाराम पटेल के गृह क्षेत्र में कांग्रेस आगे

विधि मंत्री जोगाराम पटेल के गृह क्षेत्र लूणी में भाजपा को 6 और कांग्रेस को 10 वार्डों में जीत मिली। जोधपुर जिला परिषद के 43 वार्डों में कांग्रेस ने 32 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा केवल 8 सीटें जीत सकी।
कन्हैयालाल चौधरी के क्षेत्र में भी भाजपा को झटका

जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायत समितियों में से टोडारायसिंह और पचेवर में कांग्रेस को बहुमत मिला। मालपुरा में भाजपा 7 सीटों के साथ सबसे आगे रही, लेकिन बहुमत से दूर रह गई। कांग्रेस को 6, जबकि आरएलपी और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली।

बेढम के क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के डीग जिले के बृजनगर विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद की 6 सीटों में से कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने एक सीट जीती। पंचायत समिति के 29 वार्डों में कांग्रेस के 15 और निर्दलीय के 9 प्रत्याशी जीते, जबकि भाजपा को केवल 4 सीटें मिलीं।
किरोड़ीलाल मीणा के क्षेत्र में भाजपा पिछड़ी

कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के सवाईमाधोपुर में जिला परिषद के 23 वार्डों में कांग्रेस ने 15 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा को महज 6 सीटें मिलीं और 2 पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। मलारना डूंगर पंचायत समिति में भी कांग्रेस ने 17 में से 15 सीटों पर कब्जा जमाया।

के.के. विश्नोई के क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर

उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई के गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद के 7 वार्डों में से भाजपा ने 4 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस खाता भी नहीं खोल सकी। पंचायत समिति के 17 वार्डों में भाजपा ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की।

जोराराम के सुमेरपुर में कांग्रेस का परचम

गोपालन मंत्री जोराराम के सुमेरपुर क्षेत्र में जिला परिषद के 4 वार्डों में से कांग्रेस ने 3 और भाजपा ने एक सीट जीती। पंचायत समिति के 21 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की।

सुमित गोदारा के लूणकरनसर में कांग्रेस को बहुमत

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के विधानसभा क्षेत्र लूणकरनसर में पंचायत समिति की 27 सीटों में से कांग्रेस ने 17 पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को 9 सीटों से संतोष करना पड़ा।

मंजू बाघमार के क्षेत्र में भाजपा को झटका

महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार के जायल पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा केवल 4 सीटें जीत सकी। कांग्रेस और आरएलपी ने 7-7 सीटों पर कब्जा जमाया।

विजय सिंह चौधरी के नावां में कांग्रेस-आरएलपी आगे

सैनिक कल्याण मंत्री विजय सिंह चौधरी के नावां पंचायत समिति क्षेत्र में भाजपा को महज 3 सीटें मिलीं। कांग्रेस ने 10 और आरएलपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की।

हेमंत मीणा के क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला

राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के प्रतापगढ़ जिला परिषद क्षेत्र में कांग्रेस, भाजपा और बीएपी के बीच मुकाबला देखने को मिला। कुल 25 सीटों में कांग्रेस ने 11, भाजपा ने 7 और बीएपी ने भी 7 सीटों पर जीत दर्ज की। हालांकि मंत्री के रिश्तेदार कल्पना मीणा चुनाव जीतने में सफल रहीं।

कुल मिलाकर पंचायत चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। कई मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन पार्टी के लिए राजनीतिक मंथन का विषय बन गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button