राजस्थान:-5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियो के लिए राहत भरी खबर,शिक्षा विभाग ने जारी किए नए दिशा-निर्देश


THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षा विभाग ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा केंद्रों की दूरी सामान्यतः अधिकतम 4 किलोमीटर निर्धारित करने पर जोर दिया गया है।


कार्यालय पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों का गठन और ऑनलाइन मैपिंग करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि छोटे बच्चों को परीक्षा देने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़े।
शिक्षा विभाग के प्रमुख दिशा-निर्देश:
1:-परीक्षा केंद्र की दूरी होगी 4 किलोमीटर: डाइट और सीबीईओ स्तर पर केंद्रों की मैपिंग करते समय यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा केंद्र की दूरी सामान्यतः 4 किलोमीटर से अधिक नहीं हो। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।
2:-कम परीक्षार्थियों वाले केंद्र होंगे मर्ज: जिन परीक्षा केंद्रों पर 30 या इससे कम परीक्षार्थी होंगे, उन्हें नजदीकी परीक्षा केंद्रों में मर्ज किया जाएगा। किसी भी स्थिति में एकल विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
3:-सुरक्षित भवनों में ही होंगे परीक्षा केंद्र: जिला प्रशासन अथवा शिक्षा विभाग द्वारा असुरक्षित और जर्जर घोषित भवनों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। केंद्रों के चयन में भवन की स्थिति, स्थानीय परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाएगा।
- जिला समिति की मंजूरी जरूरी: परीक्षा केंद्रों के गठन और ऑनलाइन मैपिंग से संबंधित सभी प्रस्तावों की जिला परीक्षा संचालन समिति समीक्षा करेगी। समिति के अनुमोदन के बाद ही केंद्रों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी राहत
शिक्षा विभाग के इन निर्देशों का उद्देश्य कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान होने वाली अनावश्यक यात्रा और परेशानियों से बचाना है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छोटे बच्चों के लिए नजदीकी परीक्षा केंद्र निर्धारित होने से आवागमन आसान होगा। अब परीक्षा केंद्रों के अंतिम निर्धारण और मैपिंग पर सबकी नजर रहेगी।




































