दीपावली से पहले बड़ी कार्यवाही,780 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, मिली भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन


THE BIKANER NEWS:-दीपाबली से पहले प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरपालिका की टीम ने मोमासर बास स्थित एक मकान में औचक निरीक्षण कर करीब 780 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की। इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लास्टिक का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, नगरपालिका को सूचना मिली थी कि मोमासर बास निवासी रमजान के मकान में अवैध रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलने पर अधिशाषी अधिकारी के निर्देशानुसार सफाई निरीक्षक कमल चांवरिया के नेतृत्व में पालिका कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मकान में बड़ी मात्रा में पॉलीथिन का भंडारण मिला। टीम ने मौके से करीब 780 किलो पॉलीथिन जब्त कर नगरपालिका स्टोर में रखवाई।
नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी अभिषेक गहलोत ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पालिका क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगरपालिका ने आमजन से भी अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें और शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।





































