|

दिपावली पर सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर,स्वर्णकारो, सर्राफा व्यापारियों के लिए जारी हुए दिशा निर्देश

THE BIKANER NEWS:बीकानेर, 30 अक्टूबर। दिवाली के त्योहार पर सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब बहुमूल्य धातुओं की खरीद-बिक्री में तौल की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान सरकार ने नए नियम लागू कर दिए हैं। इसके तहत 29 अक्टूबर 2026 से सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य धातुओं के व्यापार में निर्धारित मानकों वाले सटीक कांटों का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है।
उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और तौल में होने वाली संभावित गड़बड़ी को रोकने के उद्देश्य से उपभोक्ता मामले विभाग ने राजस्थान विधिक मापविज्ञान (प्रवर्तन) (द्वितीय संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं।


अब इन मानकों के कांटे होंगे अनिवार्य
संशोधित नियमों के अनुसार, सोना-चांदी की तौल के लिए व्यापारियों को Class I (विशेष सटीकता) या Class II (उच्च सटीकता) श्रेणी के कांटों का इस्तेमाल करना होगा। इन कांटों का सत्यापन अंतराल 1 मिलीग्राम या उससे कम होना अनिवार्य है। इससे कम मात्रा में भी तौल की सटीकता सुनिश्चित की जा सकेगी।
व्यापारियों को रखने होंगे वैध प्रमाण-पत्र
उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों से नए नियमों का पालन करने की अपील की है। व्यापार में उपयोग किए जाने वाले कांटों का नियमानुसार सत्यापन करवाना और उनका वैध सत्यापन प्रमाण-पत्र रखना जरूरी होगा। निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले कांटों को बदलकर नियमों के अनुसार उपकरणों की व्यवस्था करनी होगी।
मंत्री सुमित गोदारा ने बताई पहल की अहमियत
उपभोक्ता मामले मंत्री श्री सुमित गोदारा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिवाली सहित पूरे वर्ष सोना-चांदी की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता और सही तौल सुनिश्चित करना है। इससे उपभोक्ताओं को उनके भुगतान के अनुरूप बहुमूल्य धातु की सही मात्रा मिल सकेगी और तौल संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा।
तौल में गड़बड़ी होने पर यहां करें शिकायत
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सोना-चांदी खरीदते समय तौल पर विशेष ध्यान दें। यदि तौल में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है तो राजस्थान उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 14435 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नए नियमों के लागू होने से त्योहारों के दौरान सोना-चांदी खरीदने वाले ग्राहकों को सही तौल और पारदर्शी व्यापार व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button