|

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, बीकानेर सहित चार जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना


जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। श्रीगंगानगर में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। गुरुवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री और जोधपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, गुरुवार देर शाम जैसलमेर के कई इलाकों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी भी हुई। फलोदी क्षेत्र में भी बादलों की आवाजाही देखने को मिली।

रात के तापमान में गिरावट, बढ़ने लगी ठंडक

प्रदेश में दिन के समय गर्मी के बीच रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगी हैं। सीकर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्र माउंट आबू में गुरुवार रात सबसे अधिक ठंडक रही, जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

24 अक्टूबर से फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके बाद 24 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसका असर विशेष रूप से बीकानेर संभाग के जिलों में दिखाई देने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम पर नजर बनी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button