|

बड़ी खबर:-कोंग्रेस की बैठक के दौरान टेंट में फैला करंट,मची अफरा तफरी, 2 की मौत, 14 झुलसे

THE BIKANER NEWS:-राजस्थान:-प्रतापगढ़।/ राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पंचायत चुनाव के चौथे चरण को लेकर आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पीपलखूंट उपखंड के रेणंदा गांव में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे तेज हवा के कारण टेंट ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। इससे टेंट के पाइपों में करंट फैल गया और कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।


तेज हवा से बिजली लाइन के संपर्क में आया टेंट
जानकारी के अनुसार, रेणंदा गांव में तिराबावजी मंदिर के पास कांग्रेस की बैठक आयोजित की जा रही थी। बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज हवा चलने लगी, जिससे टेंट उखड़ने लगा। टेंट को संभालने और उखड़ने से बचाने के लिए ग्रामीण दौड़े, लेकिन टेंट के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से पाइपों में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से कई लोग झुलस गए।
इलाज के दौरान दो लोगों की मौत, 14 घायल
हादसे में डेमरीपाड़ा निवासी अर्जुन (57) और रेणंदा निवासी मोहन (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, 14 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रशासन पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप


हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पीपलखूंट से कोई प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर नहीं पहुंचा। साथ ही, एंबुलेंस पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हुई। इस कारण कई घायलों को मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना के काफी समय बाद प्रतापगढ़ पुलिस, एडीएम विजेश पंड्या और एसपी जयदेव सिहाग जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और अस्पताल में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, टेंट के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन और हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button