|

श्री रत्नेश्वर महादेव रंगा धरणीधर पंचायती ट्रस्ट ने महापौर एवं पुष्करणा पार्षदों का किया सम्मान

THE BIKANER NEWS:बीकानेर 21/10/2026
श्री रत्नेश्वर महादेव रंगा धरणीधर पंचायती ट्रस्ट, बीकानेर द्वारा सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं पुष्करणा समाज के नवनिर्वाचित सभी पार्षदगणों का भव्य सम्मान समारोह नत्थूसर गेट के बाहर स्थित राजरंगा बगेची में आयोजित किया गया। समारोह में राजनैतिक विचारधारा से ऊपर उठकर समाज के सभी प्रतिनिधियों का एक मंच पर अभिनंदन किया गया, जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बना।


सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि राजरंगा धरणीधर ट्रस्ट ने आज जो कार्य किया है, वह बीकानेर की संस्कृति एवं समृद्ध परंपरा को और अधिक पोषित करता है। चुनाव में विचारधारा अलग हो सकती है, पर जीतने के बाद सब बीकानेर के हैं। पुष्करणा समाज शुरू से ही बुद्धिजीवी, प्रगतिशील एवं मानववादी समाज रहा है। महापौर अनिल कल्ला और सभी पार्षदों से अपेक्षा है कि वे बीकानेर को स्वच्छता, शिक्षा और संस्कृति आदि क्षेत्र में नंबर वन बनाएं। राजरंगा ट्रस्ट का यह प्रयास स्तुत्य है।
सम्मान समारोह के विशिष्ट अतिथि पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने कहा कि बीकानेर की धरती पर पुष्करणा समाज का योगदान स्वर्णिम रहा है। राजरंगा बगेची से आज यह संदेश गया है कि हम सब एक हैं, यह बीकानेर के लिए शुभ संकेत है। महापौर अनिल कल्ला का नेतृत्व बीकानेर को नई दिशा देगा। महापौर एवं सभी पार्षदगण सामूहिक दायित्व का निर्वहन करते हुए बीकानेर का सर्वांगीण विकास करेंगे। ऐसे सार्थक सम्मान समारोह के माध्यम से कमल रंगा और ट्रस्ट ने सभी को एक साथ एक मंच पर लाकर जो सार्थक प्रयास किया है, वह प्रशंसा योग्य है।


सम्मान समारोह के स्वागताध्यक्ष ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है, इसी दायित्वबोध के चलते ट्रस्ट द्वारा लोकतंत्र की बीकानेर की सरकार के महापौर व समाज के पार्षदगणों का सम्मान किया गया है। हम आशा रखते हैं कि महापौर के नेतृत्व में सभी पार्षदगण मिलकर बीकानेर की समृद्ध राजनैतिक, सांस्कृतिक एवं अध्यात्मिक परंपरा को आगे ले जाते हुए नए बीकानेर का निर्माण करेंगे।
अपने सम्मान के प्रतिउत्तर में महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि इस सम्मान को पाने के बाद मेरी अपने कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। जिसे मैं पूरी निष्ठा व लगन के साथ संकीर्ण विचारधाराओं से ऊपर उठकर इसे निभाने हेतु सभी पार्षदगणों के सहयोग से पूरा करते हुए बीकानेर को भारत के मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूंगा।
समारोह में महापौर अनिल कल्ला, पार्षद दुर्गादास छंगाणी, अपर्णा आचार्य, सरिता व्यास, अन्नपूर्णा व्यास, दीपक व्यास एवं नवल पुरोहित के प्रतिनिधि श्याम आचार्य सहित सभी जनप्रतिनिधियों का ट्रस्ट के अध्यक्ष इन्द्रजीत रंगा, संरक्षक शिव कुमार रंगा, भैंरू रतन रंगा, सचिव चन्द्र शेखर रंगा एवं ट्रस्ट पदाधिकारी जीवन लाल रंगा, सूरज रतन रंगा, सुशील रंगा, राजेश रंगा, ट्रस्टी शक्ति रतन रंगा, विष्णु दत्त रंगा, बिन्दू प्रसाद रंगा, शशिशेखर रंगा, शिव रतन रंगा, श्री रतन रंगा, विक्रमजीत रंगा, विकास रंगा, भाऊ रंगा, चन्दन रंगा, एवं अन्य राजरंगा परिवार के सदस्यों के द्वारा माला, उपरणा, शाल एवं सम्मान-पत्र अर्पित कर भव्य अभिनंदन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट के मुख्य परामर्शक मंगलचंद रंगा ने महापौर एवं पार्षदगणों को आशीर्वाद देते हुए समाज एवं बीकानेर के व्यापक हित में काम करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ उद्घोषक ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। अंत में ट्रस्ट सचिव डॉ. चंद्रशेखर रंगा ने सभी का आभार ज्ञापित किया।
इस अवसर पर रंगा समाज एवं अन्य समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button