मानवता की मिसाल – पार्षद भोमराज सुथार ने 17वीं बार किया B नेगेटिव रक्तदान

THE BIKANER NEWS:-फलोदी। रक्तदान महादान को चरितार्थ करते हुए श्री विश्वकर्मा सुथार एकता फोर्स, राजस्थान के अध्यक्ष एवं पार्षद, बाप – भोमराज सुथार पुत्र श्री माणकलाल सुथार ने आज एक बार फिर मानवता का परिचय दिया।
आज जिला चिकित्सालय फलोदी में भर्ती एक B Negative ग्रुप की जरूरतमंद महिला मरीज के लिए भोमराज सुथार ने डायरेक्ट 17वीं बार रक्तदान किया। B नेगेटिव जैसे दुर्लभ ब्लड ग्रुप के लिए समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर उन्होंने महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि भोमराज सुथार इससे पूर्व 16 बार रक्तदान कर चुके हैं और लगातार रक्तदान के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। पार्षद होने के साथ-साथ समाजसेवा में उनकी सक्रियता से क्षेत्र में उनकी अलग पहचान है।
इस अवसर पर चिकित्सालय स्टाफ और भानु सेवा संस्थान फलोदी ने उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की और कहा कि भोमराज जैसे रक्तवीरों से ही थैलेसीमिया, प्रसूता और दुर्घटना में घायल मरीजों को नया जीवन मिलता है।
भोमराज सुथार ने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, हर स्वस्थ व्यक्ति को साल में कम से कम 2 बार रक्तदान जरूर करना चाहिए।”





































