|

रील लाइफ से राजनीति लाइफ में कदम,शुभकरण की असली अग्निपरीक्षा अब,वार्ड मित्र 44′ की शुरुआत,भाटी ने बताया “ब्रांड एम्बेसडर”

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नगर निगम चुनाव में वार्ड 44 से निर्दलीय प्रत्याशी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभकरण गहलोत ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक गलियारों में अपनी अलग पहचान बनाई है। शुभकरण ने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज नागल को 630 वोटों से शिकस्त दी, जबकि भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि चुनावी जीत के बाद जश्न का दौर थम चुका है और अब शुभकरण के सामने असली चुनौती शुरू हो गई है—जनता से किए वादों को धरातल पर उतारने की।


सोशल मीडिया बना चुनावी हथियार
शुभकरण गहलोत का चुनाव प्रचार पारंपरिक राजनीति से काफी अलग रहा। उन्होंने सोशल मीडिया को अपना सबसे बड़ा प्रचार माध्यम बनाया। चुनाव चिह्न ‘सेव’ मिलने के बाद तैयार किया गया बीकानेरी गीत ‘आजा सेव जीते… शुभजी जीते…’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। उनकी रील्स को लाखों व्यूज मिले और देखते ही देखते शुभकरण चुनावी चर्चा का प्रमुख चेहरा बन गए।
शिव (बाड़मेर) विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने भी वीडियो कॉल के जरिए शुभकरण की तारीफ करते हुए उन्हें ‘सेब का ब्रांड एम्बेसडर’ बताया था। सोशल मीडिया की इसी लोकप्रियता को शुभकरण ने चुनावी मैदान में वोटों में बदलने में कामयाबी हासिल की।


जीत के 24 घंटे में ‘वार्ड मित्र 44’
शुभकरण ने चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों को अमल में लाने की दिशा में पहला कदम भी उठा दिया है। जीत के महज 24 घंटे के भीतर ‘वार्ड मित्र 44’ नाम से वेबसाइट पोर्टल तैयार किया गया है।
इस पोर्टल के जरिए वार्ड का कोई भी नागरिक अपनी समस्या दर्ज करा सकता है। समस्या के समाधान के लिए 2 से 3 दिन की समय-सीमा तय की गई है। यदि किसी समस्या का समाधान निर्धारित समय में नहीं हो पाता है तो उसका उचित कारण बताया जाएगा। शुभकरण का दावा है कि जरूरत पड़ने पर वे जनता के साथ स्वयं मौके पर मौजूद रहेंगे।
अब सोशल मीडिया नहीं, जमीन पर दिखाना होगा काम
चुनाव में रील्स, गानों और सोशल मीडिया की लोकप्रियता ने शुभकरण को जीत जरूर दिला दी, लेकिन नगर निगम की राजनीति में असली परीक्षा अब शुरू होगी। रील लाइफ और रियल लाइफ की राजनीति में काफी अंतर है।


वार्ड 44 में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याएं लंबे समय से जनता के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। चुनाव प्रचार के दौरान शुभकरण ने भ्रष्टाचार और पार्षद के अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए थे। अब जनता उनसे उन्हीं सवालों के जवाब काम के रूप में मांग सकती है।


नगर निगम में बोर्ड किसी भी राजनीतिक दल का बने, वार्ड के विकास के लिए शुभकरण को निगम के सिस्टम के साथ तालमेल बैठाने के साथ-साथ कई स्तरों पर संघर्ष करना पड़ सकता है। बजट, प्रशासनिक प्रक्रिया और विभागीय मंजूरियों से लेकर स्थानीय समस्याओं के समाधान तक उनकी कार्यशैली की वास्तविक परीक्षा होगी।


जनता के भरोसे पर कितना खरे उतरेंगे शुभकरण?
राजनीति में नई सोच और अलग अंदाज के साथ प्रवेश करने वाले शुभकरण गहलोत ने अपने पहले ही चुनाव में जनता का भरोसा जीत लिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सोशल मीडिया पर बनाई गई उनकी लोकप्रिय छवि और चुनाव के दौरान किए गए वादे जमीनी हकीकत में कितने बदल पाते हैं।


वार्ड 44 की जनता ने उन्हें मौका दिया है। अब आने वाले दिनों में यही जनता तय करेगी कि शुभकरण केवल एक सफल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और चुनावी चेहरा साबित होते हैं या फिर अपने वार्ड के लिए एक सक्रिय और प्रभावी पार्षद के रूप में भी पहचान बनाते हैं।
फिलहाल ‘वार्ड मित्र 44’ की शुरुआत ने उम्मीद जरूर जगाई है, लेकिन असली फैसला अब काम के आधार पर होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button