बीकानेर:-चुनाव के बीच पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्लैक क्रेटा से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, कार से कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा और दस्तावेज बरामद

THE BIKANER NEWS:-देशनोक (बीकानेर): नगर पालिका चुनाव के बीच देशनोक पुलिस ने नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान एक ब्लैक क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान 141 पव्वे देशी शराब, 96 पव्वे अंग्रेजी शराब और 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ ब्लैक क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है।
कार से कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा और दस्तावेज बरामद
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ अहम दस्तावेजों के साथ कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा भी मिला। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस वाहन के मालिक और शराब के परिवहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कांग्रेस नेता से जुड़ने के दावे, पुलिस जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी और सूत्रों के हवाले से यह दावा सामने आया है कि जब्त क्रेटा कार स्थानीय कांग्रेस नेता ओम दान से जुड़ी हुई बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ओम दान की पत्नी वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
हालांकि, वाहन में शराब मिलने और उसके राजनीतिक संबंधों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
चुनाव के बीच शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने से देशनोक का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।





































