राजस्थान रोडवेज का बड़ा तोहफा,महिलाओं को दो दिन मुफ्त सफर की सौगात

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: रक्षाबंधन के त्योहार पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। इस बार राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में महिलाओं को दो दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिला यात्री 28 और 29 अगस्त को इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।
आमतौर पर रक्षाबंधन पर महिलाओं को एक दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती थी, लेकिन इस बार त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और आर्थिक राहत को ध्यान में रखते हुए इसे दो दिनों के लिए लागू किया गया है।
साधारण और एक्सप्रेस बसों में मुफ्त सफर
मुफ्त यात्रा की सुविधा राजस्थान रोडवेज की ऑर्डिनरी और एक्सप्रेस श्रेणी की बसों में लागू होगी। वहीं वोल्वो, एसी और अन्य प्रीमियम बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को नियमानुसार पूरा किराया देना होगा।
राजस्थान की सीमा तक ही मान्य होगी सुविधा
यह मुफ्त यात्रा योजना केवल राजस्थान की भौगोलिक सीमा के भीतर लागू रहेगी। यदि रोडवेज बस दिल्ली, पंजाब, हरियाणा या किसी अन्य पड़ोसी राज्य की ओर जाती है, तो राजस्थान की सीमा पार करने के बाद आगे की यात्रा का निर्धारित किराया महिला यात्री को स्वयं देना होगा।
एडवांस टिकट बुकिंग की सुविधा
रक्षाबंधन पर बसों में संभावित भीड़ को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। बीकानेर डिपो की मुख्य प्रबंधक इंद्रा गोदारा के अनुसार, महिला यात्रियों की सुविधा के लिए एडवांस डिजिटल टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। यात्री आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे अपनी सीट बुक कर सकती हैं।





































