|

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 19 अगस्त से बारिश का दौर शुरू; 10 जिलों में यलो अलर्ट

बीकानेर। राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त को प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
इससे पहले सोमवार को प्रदेश में मौसम लगभग साफ रहा। हालांकि, अधिकांश जिलों में उमस ने लोगों को परेशान किया। पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आसपास हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के बाद इन इलाकों में लोगों को उमस से कुछ राहत मिली।
तापमान की बात करें तो सोमवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माउंट आबू में सबसे कम 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। श्रीगंगानगर में रात का तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
20-21 अगस्त को बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब मजबूत होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बहुत ज्यादा तेज नहीं रहेंगी, लेकिन पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहेगा। 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
ऐसे में पूर्वी राजस्थान के लोगों को अगले तीन दिनों के दौरान बारिश के साथ मौसम में बदलाव के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button