देश में जल्द चलेंगे ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोट, ट्रायल के लिए छपेंगे 200 करोड़ नोट

THE BIKANER NEWS:-नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) देश में ₹10 और ₹20 के पॉलिमर (प्लास्टिक) नोटों का ट्रायल शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस ट्रायल के तहत दोनों मूल्यवर्ग के कुल 200 करोड़ नोट छापे जाएंगे। केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि ट्रायल के लिए ₹10 और ₹20 के 100-100 करोड़ पॉलिमर नोट मुद्रित किए जाएंगे। इन नोटों का उद्देश्य उनकी टिकाऊ क्षमता और व्यवहारिक उपयोग का परीक्षण करना है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्लास्टिक नोट आने के बाद भी मौजूदा कागज के नोट पूरी तरह वैध रहेंगे। यानी आम लोगों को अपनी वर्तमान करेंसी बदलने की कोई आवश्यकता नहीं होगी।
यदि ट्रायल सफल रहता है, तो RBI भविष्य में ₹10 और ₹20 के पॉलिमर नोटों को नियमित रूप से जारी कर सकता है। हालांकि, ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, RBI लंबे समय से पॉलिमर नोटों पर विचार कर रहा है। ऐसे नोट सामान्य कागज के नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ, साफ-सुथरे और लंबे समय तक चलने वाले माने जाते हैं।


































