|

बीकानेर: निजी बस के रूट विवाद में वीर दुर्गादास सर्किल पर बवाल, बदमाशों ने बस रोककर ड्राइवर-कंडक्टर को पीटा, शीशे तोड़े

द बीकानेर न्यूज़:; बीकानेर । शहर के वीर दुर्गादास सर्किल पर सोमवार सुबह निजी बसों के रूट विवाद को लेकर दिनदहाड़े बवाल हो गया। हथियारबंद बदमाशों ने बीच सड़क एक बस को रुकवाकर उसके ड्राइवर और कंडक्टर के साथ बुरी तरह मारपीट की और बस में जमकर तोड़फोड़ की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

​सदर थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बज्जू के गौडू निवासी बस ड्राइवर भागीरथ बिश्नोई ने बताया कि वह बज्जू से पीबीएम हॉस्पिटल रूट पर बस चलाता है। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे वह पीबीएम हॉस्पिटल में सवारियों को उतारकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान वीर दुर्गादास सर्किल के पास एक फॉर्च्यूनर और एक अन्य कार में सवार होकर आए बदमाशों ने उसकी बस को रोक लिया।

​रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कर्णवीर सिंह, दिनेश बिश्नोई, कुलदीप छंगाणी, अशोक सिंह और उनके साथ आए 8-10 अन्य लोग जबरन बस में घुस गए। इन लोगों ने ड्राइवर भागीरथ और कंडक्टर अनोपाराम के साथ चाकू और डंडों से हमला कर मारपीट की। आरोपियों ने दोनों को जबरन बस से नीचे उतारा, बस के शीशे तोड़ दिए और फिर वहां से फरार हो गए।

​सदर थाना एसएचओ सुरेन्द्र पचार ने बताया कि प्राथमिक रूप से यह पूरा झगड़ा निजी बसों के संचालन रूट को लेकर हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button