बीकानेर: नयाशहर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयां, चाकूबाजी का आरोपी और एमडी तस्कर गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 16 जून। नयाशहर थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत 52.37 ग्राम अवैध एमडी के साथ एक तस्कर को भी पकड़ा है।

चाकूबाजी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को मोहसिन खान पर शाहरुख, गौरी एवं अन्य लोगों ने चाकू से हमला कर दिया था। हमले में मोहसिन के पेट और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं। इस संबंध में 9 जून को नयाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहरुख उर्फ गौरी (24) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत एमडी तस्कर दबोचा
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नयाशहर पुलिस गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ मिला।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 52.37 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी बाबू चौधरी (26) को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।
नयाशहर पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों को अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।





































