रिहायशी इलाके में अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट, 4 की जान गई

जयपुर। राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र स्थित आयशा नगर तलाई इलाके में मंगलवार सुबह पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लगने से बच्चे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं।

जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 11 बजे लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए और सड़क पर तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, जबकि सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।हादसे में अब्दुल वाहिद समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं आजीम खान (18), नासिर खान (20), समीर खान (20) और बिलाल (22) गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल खोह नागोरियान के रहीम नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आर.के. जैन के अनुसार समीर और नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जबकि बिलाल 75 प्रतिशत और आदिब 65 प्रतिशत तक जल गया है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि आईटीआई कॉलेज के पास स्थित इस गोदाम में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वह पटाखों का गोदाम था, जबकि फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मामले की जांच के बाद गोदाम मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में बारूद का गोदाम संचालित होने की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं थी। उन्होंने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।





































