Bikaner साइबर फ्रॉड पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 20 करोड़ के लेन-देन वाले गिरोह का भंडाफोड़

THE BIKANER NEWS:8 जून 2026 | बीकानेर
बीकानेर। गृह मंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के बाद बॉर्डर क्षेत्र में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में साइबर थाना और खाजूवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विष्णु विश्नोई को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को खाजूवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 25 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी पर करीब 20 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन में शामिल होने का आरोप है।
जांच में खुलासा हुआ है कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न म्यूल अकाउंट्स में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद रकम को बाइनेंस एप के माध्यम से USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में परिवर्तित कर आगे भेजा जाता था। पुलिस को आशंका है कि ठगी की रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जाता था।
कार्रवाई में सीआई रमेश सर्वटा की विशेष भूमिका रही। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी से साइबर ठगी गिरोह के नेटवर्क और कार्यप्रणाली से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हुए हैं और लेन-देन बीस से अधिक बैंक खातों के माध्यम से किया गया।
आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ बीकानेर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सहयोगियों तथा पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता है तथा आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।





































