बीकानेर को सौगात: जिला चिकित्सालय में बनेगा नया शिशु वार्ड और आईसीयू, 3.29 करोड़ रुपये मंजूर


THE BIKANER NEWS:^जयपुर/बीकानेर: राजस्थान सरकार ने बीकानेर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा (वर्ष 2026-27) को अमलीजामा पहनाते हुए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय, जयपुर ने बीकानेर के जिला चिकित्सालय में एक नवीन शिशु वार्ड और आईसीयू (ICU) की स्थापना के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।

निर्माण और उपकरणों के लिए 3.29 करोड़ स्वीकृत
सोमवार, 11 मई 2026 को जारी इस आदेश के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए कुल 329.26 लाख रुपये (करीब 3.29 करोड़ रुपये) का बजट पास किया गया है। इस राशि को दो मुख्य हिस्सों में खर्च किया जाएगा:
- सिविल निर्माण कार्य (Civil work): 179.26 लाख रुपये
- चिकित्सा उपकरण (Equipments): 150.00 लाख रुपये
मरीजों की देखभाल के लिए 18 नए पदों का सृजन
नए शिशु वार्ड और आईसीयू के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है। सरकार ने इसके लिए कुल 18 नए पदों की मंजूरी दी है, जिनमें 11 पद नियमित (Regular) और 7 पद जॉब बेसिस पर होंगे। स्वीकृत पदों का विवरण इस प्रकार है:
- असिस्टेंट प्रोफेसर (L-16): 02 पद
- सीनियर रेजिडेंट: 02 पद
- नर्सिंग ऑफिसर ग्रेड-II (L-10): 07 पद
- वार्ड बॉय (जॉब बेसिस): 07 पद
शर्तों के साथ मिली है मंजूरी
अतिरिक्त निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव, लोकेश कुमार सहल द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि उपकरणों की खरीद आरटीपीपी नियम-2013 और वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत ही की जाएगी। इसके अलावा, निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सक्षम स्तर से ‘साइट प्लान’ (Site Plan) का अनुमोदन करवाना अनिवार्य होगा।
इस नए शिशु वार्ड और आईसीयू के बनने से बीकानेर और इसके आस-पास के क्षेत्रों के नवजात शिशुओं और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।





































