राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप,स्कूलों का समय बदलने और छुट्टी करने का अधिकार अब कलेक्टरों के पास

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/राजस्थान: प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अब राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव करने या जरूरत पड़ने पर छुट्टी घोषित करने का विशेषाधिकार जिला कलेक्टरों को सौंप दिया गया है।

आदेश की मुख्य बातें:
- कलेक्टर लेंगे अंतिम फैसला: जिले में गर्मी के हालात को देखते हुए कलेक्टर अपनी सुविधानुसार स्कूलों का समय बदल सकेंगे या आवश्यक होने पर अवकाश घोषित कर सकेंगे।
- 16 मई तक लागू: यह व्यवस्था 16 मई तक (गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने से पहले तक) प्रभावी रहेगी।
- अधिकारियों से समन्वय: छुट्टी या समय बदलाव के आदेश जारी करने के लिए कलेक्टरों को जिले के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) के साथ कॉर्डिनेट करना होगा।
बीकानेर सहित इन जिलों में बदला समय:
बढ़ते तापमान और लू को देखते हुए प्रदेश के अधिकांश जिलों में स्कूलों का समय पहले ही बदल दिया गया है। बीकानेर में कलेक्टर निशांत जैन ने स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक कर दिया है।
बीकानेर के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर और चूरू सहित प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। कहीं स्कूल सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लग रहे हैं, तो कहीं दोपहर 12 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।





































