|

IMD का बड़ा अलर्ट: 7–10 अप्रैल के बीच बदलेगा मौसम, कई राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

नई दिल्ली। IMD ने देशभर में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। 7 से 10 अप्रैल के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत गुड़गांव, फरीदाबाद और नोएडा में रविवार रात से मौसम बिगड़ सकता है। कई इलाकों में 50 से 70 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज आंधी और ओले गिरने के आसार हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम “छिटपुट प्रकृति” का होगा, यानी एक क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है तो पास का इलाका सूखा रह सकता है। NCR के करीब 50–60 प्रतिशत हिस्सों में असर देखने को मिल सकता है।
इसका प्रभाव राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड-हिमाचल जैसे राज्यों में भी देखने को मिलेगा। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
किसानों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए IMD ने कहा है कि जिन इलाकों में गेहूं की फसल तैयार है, वे जल्द कटाई कर लें, क्योंकि ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका है। 3 और 4 अप्रैल को भी कई राज्यों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार 8–10 अप्रैल के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ेगा और एक बार फिर गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में अधिक गर्म और शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Back to top button