Breaking:सर्राफा व्यवसायी से 10 लाख की रंगदारी मांगी,घर पर हथियारों के साथ किया हमला!

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर:-सर्राफा व्यवसायी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित व्यवसायी और उसके परिवार को पिछले कई दिनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं, मामला बीकानेर जिले के नोखा कस्बे का है, जिसके बाद अब नोखा पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
नोखा गांव निवासी पीड़ित रामदेव सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि जैन चौक में उनकी ‘अमरचंद ज्वैलर्स’ नाम से दुकान है।
पहली घटना (21 दिसंबर 2025): पीड़ित अपनी दुकान पर बैठा था, तभी आरोपी हनुमान बिश्नोई (उर्फ हुनु) एक अन्य व्यक्ति के साथ आया और 10 लाख रुपये की मांग की। उसने धमकी दी कि “अगर नोखा में रहना है तो पैसे देने पड़ेंगे।”
दूसरी घटना (25 दिसंबर 2025): दोनों आरोपी पीड़ित के नोखा गांव स्थित घर पहुंचे और फिर से पैसों की मांग की। पीड़ित की पत्नी पुष्पादेवी के आने पर आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया और बेटे पवन को उठाने की धमकी दी।
तीसरी घटना (26 दिसंबर 2025): दोपहर करीब 3 बजे आरोपी हनुमान बिश्नोई और गोपीकिशन नशे की हालत में घर में घुस आए और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया।
चौथी घटना (29 दिसंबर 2025): शाम करीब 8 बजे हनुमान बिश्नोई, गोपीकिशन और हरचंद गोदारा अपने साथ 8-10 अन्य लोगों को दो गाड़ियों में लेकर पीड़ित के घर पहुंचे। सभी के हाथों में लाठियां और धारदार हथियार थे। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि अगर अगली सुबह तक 10 लाख रुपये नहीं मिले तो जान से मार देंगे।
पुलिस कार्रवाई:
शोर सुनकर मोहल्लेवासियों के इकट्ठा होने पर आरोपी गाड़ियों में फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर नोखा पुलिस ने हनुमान बिश्नोई, गोपीकिशन, हरचंद गोदारा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है।





































