बीकानेर: कोतवाली पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का किया खुलासा,आदतन चोर गिरफ्तार,लाखों के गहने-नकदी बरामद

THE BIKANER NEWS. बीकानेर। बीकानेर की कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के कोचरों का चौक इलाके में हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी की वारदात का 5 दिनों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गए लाखों के जेवरात और नकदी बरामद कर ली है।

26 नवंबर 2025 को परिवादी विमलचंद कोचर (पुत्र जुगराज, निवासी कोचरों का चौक) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात के समय अज्ञात चोरों ने घर के गेट का ताला तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 22 मुकदमे
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से आरोपी सुरेश सिंह उर्फ सूर्या (पुत्र चन्द्रसिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी नोखा) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेहद शातिर है और उस पर चोरी व नकबजनी के 21 प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
70 लाख का माल बरामद
पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 70 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 3,39,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस टीम की सराहना
आईजी हेमंत शर्मा और एसपी कावेंद्र सागर के निर्देशन में थानाधिकारी श्रीमती सविता डारा (SHO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई राकेश, साइबर सेल के एसआई दीपक यादव और हेड कांस्टेबल संदीप कुमार सहित 14 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने कड़ी मेहनत कर इस वारदात को सुलझाया।





































