जिले में भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनज़र अलर्ट, 9 सितम्बर को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित

जैसलमेर,।कैलाश बिस्सा।, 8 सितम्बर। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जिले में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा की संभावना को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनज़र जैसलमेर जिला प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया है।

जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने आदेश जारी कर जिले के समस्त सरकारी, गैर-सरकारी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 9 सितम्बर (मंगलवार) को अवकाश घोषित किया है। साथ ही, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्मिकों को निर्धारित विभागीय समयानुसार उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत लिया गया है।
आदेशानुसार, यदि किसी भी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा इन निर्देशों की अवहेलना की जाती है तो संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे वर्षा के दौरान सतर्कता बरतें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।




































