|

Breaking:-पूर्व कोटगेट थानाधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप,गैंगस्टर गोदारा के नाम से पीड़िता को मिल रही है धमकियां,पुलिस से की सुरक्षा की मांग

THE BIKANER NEWS:;​बीकानेर। शहर के गंगाशहर रोड, सुनारों की बगीची के पीछे रहने वाली एक विधवा महिला अल्ताफ बानो ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को परिवाद सौंपकर, वर्तमान में अजमेर में सीओ ट्रैफिक (CO Traffic) के पद पर तैनात और पूर्व में बीकानेर के कोटगेट थानाधिकारी रहे संजय बोथरा पर प्रताड़ना और धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।


​क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि संजय बोथरा जब कोटगेट थाने में थानाधिकारी थे, तब उन्होंने पीड़िता के पुत्र जावेद खान और उसके मित्र के साथ पुलिस कस्टडी में मारपीट की थी। जब पीड़िता थाने गई, तो उसके साथ भी बदसलूकी और लज्जा भंग की गई। इस मामले में न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बीकानेर ने साक्ष्यों के आधार पर संजय बोथरा के विरुद्ध प्रसंज्ञान (Cognizance) लिया था और मामला कोर्ट में विचाराधीन है।


​गैंगस्टर के नाम पर धमकी देने का आरोप
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि संजय बोथरा इस मुकदमे को वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि उन्हें और उनके बेटे इमरान को व्हाट्सएप कॉल के जरिए हिस्ट्रीशीटर उम्मेद सिंह गोल्डी और गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से जान से मारने की धमकियां दिलवाई जा रही हैं। परिवाद में 20, 21 और 29 दिसंबर 2025 को धमकियां मिलने का जिक्र किया गया है।


​पुलिस पर घर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि संजय बोथरा के इशारे पर स्थानीय कोटगेट पुलिस आए दिन उनके घर में घुसकर बदतमीजी करती है, सीसीटीवी की डीवीआर उठा ले जाती है और एनडीपीएस (NDPS) जैसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है। पीड़िता ने बताया कि इसी सदमे के कारण उनके पति का इंतकाल हो चुका है।


​इंसाफ की गुहार
पीड़िता अल्ताफ बानो ने प्रशासन से मांग की है कि संजय बोथरा को निलंबित किया जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार संजय बोथरा, उनके भाई अरुण बोथरा और रोहित गोदारा होंगे।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button