बीकानेर:- घर लौट रहे व्यापारियों की गाड़ी रोककर लाठियों से पीटा, 61 हज़ार की नकदी और जेवर लूटे,


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर | जिले के हद्दा थाना क्षेत्र में सब्जी बेचकर घर लौट रहे दो व्यापारियों के साथ मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात करीब एक महीने पहले हुई थी,जिसमे सफेद रंग की बिना नंबर वाली स्कार्पियो में आए हथियारबंद बदमाशों ने बोलेरो पिकअप को रुकवाकर लाठियों से हमला किया और हजारों की नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है।

लेकिन परिवादी का कहना है कि पुलिस द्वारा जांच में ढिलाई बरती जा रही है
क्या है पूरा मामला?
पुलिस में दर्ज एफआईआर (FIR) के अनुसार, नोखा (मालानी बास) निवासी 44 वर्षीय राकेश और उनके साथी सवाई 28 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे अपनी पिकअप गाड़ी (RJ 50 GA 8748) से भेलू से साईसर की तरफ जा रहे थे। भेलू से करीब 5-6 किलोमीटर आगे जाने पर एक तेज रफ्तार सफेद स्कार्पियो ने डिपर देकर उन्हें ओवरटेक किया और रास्ता रोक लिया।
लाठियों से किया हमला और तानी पिस्टल
रास्ता रोकते ही स्कार्पियो से 4 लोग नीचे उतरे और पिकअप के शीशे पर लाठियों से हमला कर उसे तोड़ दिया। बदमाशों ने राकेश और सवाई को गाड़ी से नीचे खींच लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। जान बचाने के लिए जब दोनों खेतों की तरफ भागे, तो बदमाशों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और सवाई के सिर पर पिस्टल तान दी।
लूटा गया सामान:
- राकेश की जेब से 61,000 रुपये नकद (60 हजार एक जेब से और 1 हजार दूसरी जेब से)।
- सवाई के गले से चांदी की चेन।
- गाड़ी के डैशबोर्ड पर रखे दो मोबाइल फोन (एक वीवो-439)।
- बदमाशों ने भागते वक्त पिकअप की चाबी भी छीन ली।
ग्रामीणों के आने पर भागे बदमाश
मारपीट के दौरान राकेश और सवाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर खेतों में मौजूद कुछ ग्रामीण टॉर्च की रोशनी करते हुए दौड़े। सबसे पहले भेलू निवासी भूरसिंह मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ और रोशनी देखकर बदमाश घायलों को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
बदमाशों की पहचान:
पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों की स्कार्पियो बिना नंबर प्लेट की थी और शीशों पर काली फिल्म लगी थी। गाड़ी की एक हेडलाइट बहुत तेज (मर्करी लगी हुई) थी। 4 हमलावरों में से एक ने लाल रंग की टोपी पहन रखी थी और वे आपस में स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे।
घायलों का पीबीएम अस्पताल में इलाज
हमले में राकेश के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर और मुंह पर चोट आई है, जबकि सवाई के बाएं हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल (PBM Hospital) के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया था
पुलिस की कार्रवाई
हद्दा पुलिस ने राकेश की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 115(2), 126(2), 322, 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच निरीक्षक एमीचंद पूनिया को सौंपी गई है और पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई थी
लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नज़र नही आ रही है





































