|

ईरान-इजराइल युद्ध की आड़ में पेट्रोल-गैस की किल्लत की अफवाह फैलाने वाले 10 इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार,पुलिस ने मंगवाई माफी

THE BIKANER NEWS:-ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच सोशल मीडिया पर देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत की झूठी अफवाह फैलाकर दहशत का माहौल बनाने वाले 10 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लालच में भ्रामक पोस्ट करने वाले इन आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों से माफी का वीडियो भी जारी करवाया और उनके अकाउंट से अफवाह वाले वीडियो डिलीट करवा दिए।

फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने का था लालच

भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ऐसे अकाउंट्स पर कड़ी नजर रख रही थी जो युद्ध को लेकर गैस और पेट्रोलियम की किल्लत की अफवाह फैला रहे थे। पुलिस ने ऐसे 10 अकाउंट मार्क किए। ये लोग आमजन में डर और भ्रम का माहौल बनाकर अपने फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाना चाहते थे। पकड़े जाने पर आरोपियों ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने तो ‘कॉमेडी वीडियो’ बनाए थे।

लाखों में हैं इनके फॉलोअर्स

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से कई के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं, जिसके कारण उनके भ्रामक वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे:

  • ‘बेरोजगार बॉयज’ (Berozgaar Boyzz): इस इंस्टाग्राम हैंडल को धीरज, अर्जुन, करण और अर्पित चलाते हैं। इसके 1.4 मिलियन (14 लाख) फॉलोअर्स हैं।
  • ‘बिल्ला भीलवाड़ा’ (Billa Bhilwara): इस इंस्टाग्राम हैंडल को मुकेश प्रजापत चलाता है, जिसके 28 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

भड़काने वाले वीडियो किए थे पोस्ट

मुकेश प्रजापत ने अपने एक वीडियो में लोगों को डराते हुए कहा था- “देश में युद्ध छिड़ने वाला है। गोबर के कंडे और लकड़ियां चुगना शुरू कर दो। हमने तो कर दी है। गैस आ नहीं रही है। हम तो गांव के हैं, ये सब मिल जाएगा। लेकिन, सिटी वाले कहां…”

कान पकड़कर मांगी माफी, वीडियो किए डिलीट

पुलिस की सख्ती के बाद सभी 10 इन्फ्लुएंसर्स के सुर बदल गए। पुलिस ने उनसे माफी मंगवाते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें आरोपियों ने कहा- “हमने लोगों के वीडियो देख ऐसी रील बना दी। हमारे देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। हम माफी मांगते हैं। आपसे भी निवेदन है कि ऐसे वीडियो न बनाएं।” इसके अलावा पुलिस ने उनके अकाउंट से सभी भ्रामक वीडियो भी डिलीट करवा दिए हैं।

इन थानों में हुई कार्रवाई और ये हुए गिरफ्तार

पुलिस ने अलग-अलग थानों में कार्रवाई करते हुए कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया:

  • थाना बनेड़ा: 4 आरोपी
  • थाना बड़लियास और मंगरोप: 2-2 आरोपी
  • थाना सुभाषनगर व गांधीनगर: 1-1 आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों के नाम: करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र बैरवा, कैलाश बैरवा, मुकेश प्रजापत, राधेश्याम जाट, ओमप्रकाश और दीपक सिंह।

​फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी 10 आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button