गवरा दादी श्मशान भूमि,रामदेव मंदिर और रामदेव पार्क के आसपास के क्षेत्र में रात में जुएं व असामाजिक गतिविधियों की शिकायत, FIR दर्ज कराने के लिए परिवाद प्रस्तुत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, बीकानेर के नया शहर थाना क्षेत्र में जुएं व असामाजिक गतिविधियों की शिकायत, FIR दर्ज कराने के लिए परिवाद प्रस्तुत

बीकानेर। दीपावली के बाद से नया शहर थाना क्षेत्र के बाबा रामदेव पार्क,झोपड़ी वाले रामदेव मंदिर और गवरा दादी श्मशान भूमि क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों द्वारा जुआ खेलने, हुड़दंग मचाने और अभद्र भाषा व जातिसूचक गालियों का उपयोग किए जाने की शिकायत सामने आई है।
इस संबंध में नया शहर थाने में परिवाद प्रस्तुत किया गया, जिसमें बताया गया कि ये गतिविधियाँ रोजाना रात 8–9 बजे से लेकर 2–3 बजे तक चल रही हैं, जिससे क्षेत्र की शांति भंग हो रही है और स्थानीय लोग भय के माहौल में हैं।
परिवाद में यह भी उल्लेख किया गया है कि गवरा दादी श्मशान भूमि क्षेत्र में पहले भी असामाजिक तत्वों के विवाद में जनहानि हो चुकी है, वहीं अब इस क्षेत्र में नशे की गतिविधियाँ भी सक्रिय रूप से संचालित की जा रही हैं।
शिकायतकर्ताओं ने थानाधिकारी, नया शहर से रात 9 बजे से 3 बजे तक गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों को राउंडअप करने और इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने की मांग की है। साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर से अनुरोध किया गया है कि किराडू बगीचे के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में से एक कैमरा गवरा दादी श्मशान भूमि के गेट के पास स्थापित किया जाए, ताकि इस क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा सके।
👉 स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।




































