|

महेंद्र सिंह धोनी ने IPL को कहा अलविदा,19 साल के सफर का हुआ अंत,मिली नई भूमिका

THE BIKANER NEWS:-नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में अपने खिलाड़ी के रूप में सफर को विराम दे दिया है। मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें IPL 2027 के लिए टीम का नया मेंटर नियुक्त करने की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही IPL में धोनी के 19 साल के शानदार सफर का अंत हो गया है।
धोनी ने वर्ष 2008 में IPL की शुरुआत से ही इस टूर्नामेंट में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने अपने IPL करियर में कुल 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा टीम ने दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी जीता।


वीडियो कॉल पर धोनी ने कही थी संन्यास की बात
धोनी के संन्यास को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की सह-मालकिन रूपा गुरुनाथ ने एक दिलचस्प वाकया साझा किया। उनके अनुसार, 2027 सीजन के लिए खिलाड़ियों को रिलीज करने के संबंध में वीडियो कॉल पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान जब रिलीज होने वाले खिलाड़ियों के नाम पढ़े जा रहे थे, तब धोनी ने बेहद सहज अंदाज में कहा कि शायद उनका नाम भी इस सूची में जोड़ देना चाहिए। धोनी की इस बात के बाद कॉल पर मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।
एन. श्रीनिवासन ने बताया सबसे अच्छा फैसला
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के साथ लंबे जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में धोनी को टीम में शामिल करने का फैसला उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे।
चेन्नई के साथ रहा 17 साल का खास रिश्ता
धोनी ने वर्ष 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपना सफर शुरू किया था। वर्ष 2016 और 2017 में CSK पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेला। इसके बाद उन्होंने फिर चेन्नई की जर्सी में वापसी की और टीम को कई यादगार जीत दिलाईं।
चोट के कारण धोनी IPL 2026 में CSK की ओर से एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। अब खिलाड़ी के रूप में उनका सफर समाप्त हो गया है, लेकिन मेंटर के रूप में वे टीम के साथ जुड़े रहेंगे और युवा खिलाड़ियों को अपना अनुभव साझा करेंगे।
धोनी का IPL से विदा होना क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक भावुक पल है। मैदान पर उनके हेलीकॉप्टर शॉट, विकेट के पीछे की फुर्ती और आखिरी ओवरों में मैच पलटने की क्षमता लंबे समय तक प्रशंसकों की यादों में बनी रहेगी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button