बीकानेर: नयाशहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोदाम के ताले तोड़कर चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, शत-प्रतिशत माल बरामद


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 12 मई 2026जिला पुलिस बीकानेर के नयाशहर थाने ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोदाम में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चुराया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा (जेसी) में भेज दिया गया है।

क्या था पूरा मामला?
दिनांक 3 मई 2026 को परिवादी जयप्रकाश (निवासी अंत्योदय नगर, बीकानेर) ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गोविंद पैलेस के पीछे स्थित उनके गोदाम को उन्होंने 27 अप्रैल की रात 8 बजे बंद किया था। जब वे 29 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे गोदाम पहुंचे, तो शटर के दोनों ताले टूटे हुए थे।
अज्ञात चोरों द्वारा गोदाम से निम्नलिखित सामान पार कर लिया गया था:
- 3 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर
- एल्युमीनियम के बर्तन (2 बाल्टी, 1 परात, 3 बड़े टोपिये)
- 20 खाली तेल के पीपे, 1 भरा तेल का पीपा और 1 घी का पीपा
- 3400 रुपये की नकदी
पुलिस ने इस शिकायत पर बीएनएस की धारा 331(4), 305(e), और 317(2) के तहत मुकदमा नंबर 92/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की कार्रवाई और टीम का गठन
शहर में हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए उच्चाधिकारियों (आईजी ओमप्रकाश और एसपी शहर) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी नयाशहर रोहित चौधरी (आरपीएस प्रो.) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों का जाल बिछाया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण:
- प्रेमकुमार उर्फ प्रेमरतन उर्फ डखणिया (51 वर्ष) – निवासी हैदर मस्जिद के पास, गोपेशवर बस्ती, थाना नयाशहर।
- तालिब उर्फ भोलिया (45 वर्ष) – निवासी मदीना मस्जिद के पास, मस्ताना चौक, थाना कोतवाली।
- पुखराज (35 वर्ष) – निवासी पशु चिकित्सालय के पास, सर्वोदय बस्ती, थाना मुक्ताप्रसाद नगर।
- गौरीशंकर (60 वर्ष) – निवासी हनुमान मंदिर के पास, पूगल रोड, बंगलानगर, थाना मुक्ताप्रसाद नगर।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस पूरे मामले के अनुसंधान और चोरी का राजफाश करने में उप-निरीक्षक (SI) श्री हंसराज की विशेष भूमिका रही।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल खुलासे में थानाधिकारी रोहित चौधरी, एसआई हंसराज, एएसआई राजेन्द्र कुमार के साथ-साथ कांस्टेबल श्यामलाल, हेमराज, रामकिशन, रवि कुमार और विकास का अहम योगदान रहा।





































