बीकानेर को बड़ी सौगात: जिला अस्पताल में डेढ़ करोड़ से बनेंगी नई स्त्री और प्रसूति रोग विंग,विधायक व्यास की अभिशंसा पर डीएमएफटी से जारी स्वीकृति


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर की स्वास्थ्य सेवाओं में जल्द ही एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास की अभिशंसा पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) ने राजकीय एसडीAएम जिला चिकित्सालय के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है। इस राशि से अस्पताल में प्रसूताओं के लिए नई और अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

अस्पताल में बनेंगी ये नई सुविधाएं:
इस स्वीकृत बजट से एसडीएम जिला अस्पताल परिसर में निम्नलिखित निर्माण कार्य करवाए जाएंगे:
- स्त्री और प्रसूति रोग ओपीडी
- लेबर रूम (प्रसव कक्ष)
- प्री-डिलीवरी रूम
- पोस्ट-डिलीवरी रूम
- 4 नए कॉटेज
पीडब्ल्यूडी (PWD) जल्द शुरू करेगा काम:
विधायक जेठानंद व्यास ने बताया कि जिला अस्पताल के निरंतर विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी हैं। इसी उद्देश्य से डीएमएफटी की बैठक में इस नई विंग का प्रस्ताव रखा गया था। जिला परिषद द्वारा इसकी विधिवत स्वीकृति जारी कर दी गई है और अब जल्द ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
प्रसूताओं को मिलेगी राहत, पीबीएम का कम होगा दबाव:
जिला चिकित्सालय में इस नई स्त्री और प्रसूति रोग विंग के शुरू होने से बीकानेर के शहरी क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अपने घर के नजदीक ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे बीकानेर के संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल (PBM Hospital) पर पड़ने वाला मरीजों का भारी दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा।




































