नत्थुसर गेट के अंदर धूमधाम से संपन्न हुआ भगवान नृसिंह अवतार मेला, जीवंत हुए पौराणिक प्रसंग


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नत्थुसर गेट के अंदर फरसोलाई विश्वजीत महादेव जी मंदिर के आगे स्थित मेला मैदान में बीते कल ‘भगवान नृसिंह अवतार मेले’ का भव्य आयोजन किया गया। पिछले 9 वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और बुराई पर अच्छाई की जीत के इस पर्व को मनाया।
कलाकारों ने किया जीवंत मंचन
मेले के मुख्य आकर्षण में भगवान नृसिंह भक्त शिरोमणि प्रहलाद और दैत्यराज हिरण्यकशिपु के पौराणिक प्रसंगों का सजीव मंचन रहा। जिसकी भूमिका मोहित जोशी ने निभाई, जोशी ने भगवान नृसिंह का रौद्र और प्रभावशाली रूप धारण कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वही बाल कलाकार अंशुमन रंगा ने भक्त शिरोमणि प्रहलाद की भूमिका अत्यंत शालीनता और भक्ति-भाव से निभाई।
दैत्यराज हिरण्यकशिपु के रूप में जीतेन्द्र (उर्फ जीतू व्यास) के दमदार अभिनय ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इनके सानिध्य में हुआ आयोजन
इस भव्य मेले का आयोजन स्व. पंडित तांत्रिक शिरोमणि श्री प्रहलाद जी ओझा की स्मृति और उनकी प्रेरणा से किया गया। आयोजन का मुख्य जिम्मा उनके शिष्यों— ग्वाल दास व्यास (बच्छु महाराज) और श्री वल्लभ छंगाणी (ढिल्लू महाराज) ने उठाया।
इस संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान और मेले की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में स्थानीय ‘मोहल्ला विकास समिति’ ने भी आयोजकों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि पिछले 9 सालों से यह मेला क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां हर वर्ष स्थानीय नागरिक पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान नृसिंह देव की आराधना करने जुटते हैं।






































