बीकानेर: नयाशहर पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर ठगी के शिकार बारह गुवाड़ निवासी सहित दो पीड़ितों को लौटाए रुपये

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नयाशहर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों को उनकी कुल 36,710 रुपये की राशि वापस दिलाई है।
नयाशहर पुलिस के अनुसार, परिवादी भोजराज चौधरी (निवासी प्रताप बस्ती) और अजय ओझा (निवासी बारह गुवाड़) के साथ साइबर धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ितों ने इस संबंध में एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन में पुलिस की टीम ने तुरंत कार्यवाही की:
पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल और संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर संदिग्ध बैंक खातों में होल्ड की गई राशि का पता लगाया।
न्यायालय से आदेश प्राप्त कर पुलिस ने भोजराज चौधरी को 15,500 रुपये और 14,710 रुपये, तथा अजय ओझा को 6,500 रुपये वापस दिलवाए।
नयाशहर पुलिस की अपील
नयाशहर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं। ऐसी स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या अपने नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें।
इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी रोहित चौधरी (आरपीएस प्रो.), अमर सिंह (कानि.) और अन्य पुलिस टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।






































