बीकानेर के चौखूंटी इलाके में दो समुदायों के बीच झड़प,भारी पुलिस बल तैनात


THE BIKANER NEWS:बीकानेर, 06 अप्रैल: शहर के चौखूंटी इलाके में सोमवार को दो गुटों के बीच हुआ विवाद, सिगरेट पीने के तरीके को लेकर हुई टोका-टाकी इतनी बढ़ गई कि दो समुदायों के युवक आपस में भिड़ गए, जिससे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया।

मैदान-ए-जंग बना चौखूंटी बाजार:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की भारी भीड़ जमा हो गई। सरेराह हुई इस अचानक भिड़ंत से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दहशत के मारे दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए।
पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संभाली कमान:
घटना की सूचना मिलते ही और माहौल बिगड़ता देख सीओ सिटी अनुज डाल, नया शहर थाना अधिकारी रोहित चौधरी और कोतवाली थाना अधिकारी सविता डाल भारी पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश कर और हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को तितर-बितर किया।
फिलहाल शांति, सीसीटीवी से हो रही पहचान:
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि, “सिगरेट पीने की बात को लेकर यह विवाद होने की बात सामने आरही है। फिलहाल समय रहते हस्तक्षेप करने से मामला शांत हो गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।”
इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हिंसा भड़काने वाले मुख्य चेहरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।





































