चक्रवात ‘अकवान’ के असर से बंगाल में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी,CM शुभेंदु ने नवान्न में की आपात बैठक


KOLKATA NEWS:;कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। संभावित जलभराव और मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु ने नवान्न में आपात बैठक कर प्रशासन को हालात से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ ने शुक्रवार को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट पर गोपालपुर के पास लैंडफॉल किया। लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई और दोपहर 1 बजे से पहले पूरी हो गई।
तट से टकराते समय तूफान की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि हवा के तेज झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। लैंडफॉल के बाद तूफान कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया, लेकिन इसके प्रभाव से बंगाल में बारिश का दौर जारी है।
जनजीवन प्रभावित
गुरुवार से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को और तेज हो गई। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ीं, वहीं कोलकाता, सॉल्टलेक और न्यू टाउन के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। कोलकाता एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी होने से यात्रियों को परेशानी हुई। मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और हावड़ा जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में जलभराव के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम की परिस्थितियों के कारण यातायात और सामान्य जनजीवन पर अगले कुछ समय तक असर पड़ने की आशंका है।




































