|

जिया भवन परिवार की ओर से निशुल्क तुलसी वितरण शुरू, 5 नवंबर तक चलेगा अभियान,इस वर्ष करीब 3000 तुलसी के पौधे वितरित करने का लक्ष्य

THE BIKANER NEWS:बीकानेर, 2 नवंबर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिया भवन परिवार की ओर से निशुल्क तुलसी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 2 नवंबर से शुरू हुआ यह वितरण अभियान 5 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, महापौर अनिल कल्ला और जाने-माने चिकित्सक डॉ. राहुल हर्ष सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डॉ. बी.डी. कल्ला ने तुलसी और पौधों के पर्यावरणीय एवं औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधे हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और वातावरण में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड को ग्रहण करते हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने तुलसी को औषधीय गुणों से भरपूर पौधा बताते हुए इसके पारंपरिक उपयोगों की जानकारी दी।

महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि कार्तिक माह में महिलाएं तुलसी माता की पूजा-अर्चना करती हैं। जिया भवन परिवार की ओर से हर वर्ष निशुल्क तुलसी वितरण का कार्य किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर की सफाई करते हैं, उसी प्रकार अपने आसपास और मोहल्ले को भी स्वच्छ रखना चाहिए।
डॉ. राहुल हर्ष ने कहा कि औषधीय गुणों से भरपूर तुलसी के पौधों का वितरण नेक कार्य है। प्राचीन काल से ही तुलसी (वृंदा) का आध्यात्मिक और औषधीय महत्व सर्वविदित है।

कार्यक्रम के दौरान जिया भवन परिवार की ओर से अतिथियों का माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
रंगकर्मी एवं समाजसेवी उदय व्यास ने बताया कि वे अपने माता स्वर्गीय विमला देवी व्यास एवं पिता स्वर्गीय पंडित ग्वाल दास जी व्यास की स्मृति में पिछले 9-10 वर्षों से निशुल्क तुलसी वितरण का कार्य कर रहे हैं। उनका संकल्प है कि हर घर तक तुलसी का पौधा पहुंचे। इस वर्ष करीब 3000 तुलसी के पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। 5 नवंबर तक निशुल्क तुलसी वितरण जारी रहेगा।
कार्यक्रम का मंच संचालन बीकानेर के जाने-माने एंकर ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। इस अवसर पर मोहल्ले की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम में मन्ना जी रंगा, किशन कुमार व्यास, विजय चंद्र व्यास, मुरली व्यास, राकेश व्यास एवं शैलू व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button