भैरूजी गली में सक्रिय जेबकतरे! नत्थूसर गेट निवासी महिला का बैग काटकर लाखों का सामान पार


बीकानेर। शहर के व्यस्त बाजार भैरूजी गली में चोरों ने खरीदारी करने पहुंची नत्थूसर गेट निवासी महिला को निशाना बनाया। भीड़ के बीच शातिर चोर महिला का बैग काटकर उसमें रखे दो मोबाइल फोन, सोने की चेन मय पेंडल और 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार अनुसूया 28 अक्टूबर को अपनी मां के साथ भैरूजी गली में खरीदारी करने पहुंची थीं। शाम करीब 4 बजे एक दुकान पर जाने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग काट लिया। कुछ देर बाद बैग संभालने पर उसमें रखे ओप्पो और रेडमी के मोबाइल, सोने की चेन और नकदी गायब मिली।
महिला के पति नवदीप छंगाणी ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राधेश्याम को सौंपी है।



































